ग्रेटर नोएडा में पुलिस मुठभेड़ के बाद दो आरोपी गिरफ्तार, लाखों के गहने और हथियार बरामद

ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो संदिग्ध बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने उपचार के लिए भेजा। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी के आभूषण, नकदी, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, चोरी के औजार और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर की रात स्थानीय खुफिया सूचना के आधार पर रोजा गोल चक्कर के पास वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान छपरौला रेलवे पुल की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का इशारा देखकर बाइक सवार भागने लगे।

पुलिस टीम ने संदिग्ध बाइक सवारों का पीछा किया। रोजा याकूबपुर स्थित 6 प्रतिशत पार्क की सर्विस रोड पर आरोपियों ने बाइक छोड़ दी और पुलिस पर गोली चलाते हुए जंगल की तरफ भागने लगे। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद घायल आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि उसके साथी को इलाके में तलाशी अभियान चलाकर गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने घायल आरोपी की पहचान जितेंद्र उर्फ जीतू के रूप में की है। वह मूल रूप से मैनपुरी जिले के कुरावली थाना क्षेत्र के बरखेड़ा का निवासी है और वर्तमान में नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के भूड़ा गांव में रह रहा था। दूसरे आरोपी की पहचान पिंटू के रूप में हुई है, जो मैनपुरी के कुरावली क्षेत्र के छतरपुर का निवासी बताया गया है।

पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने बिसरख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर स्थित एक बंद फ्लैट में 27 अगस्त को चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके अलावा 13 अक्टूबर को रोजा जलालपुर गांव की एक कॉलोनी में बंद मकान को निशाना बनाने की बात भी सामने आई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मंगलसूत्र, झुमकी, हार, अंगूठियां, पायल, कमरबंद, कड़े और महिलाओं की घड़ी समेत कई आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा 11,450 रुपये नकद, घटना में इस्तेमाल की गई होंडा साइन बाइक, तीन मोबाइल फोन और प्लास, पाना, हथौड़ा व छैनी जैसे औजार भी मिले हैं।

पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू के खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर, हाथरस, कासगंज तथा एटा समेत विभिन्न क्षेत्रों में एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब बरामद सामान के संबंध में आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Back To Top