गुरुग्राम में फाइनेंस कंपनी के दफ्तर में चोरी, गणेश प्रतिमा के सामने हाथ जोड़कर लॉकर तोड़ने लगा चोर

गुरुग्राम। गुरुग्राम के सिविल लाइंस इलाके में एक फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में चोरी की घटना सामने आई है। तीन आरोपियों ने कार्यालय के मुख्य दरवाजे का लॉक तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लॉकर व दराजों से मोबाइल फोन, दस्तावेज समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना की पूरी गतिविधि कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के लिए तीन चोर कार्यालय पहुंचे थे। इनमें से एक अंदर दाखिल हुआ, जबकि उसके दो साथी बाहर मौजूद रहे। कार्यालय में प्रवेश करने के बाद अंदर गए चोर ने सबसे पहले भगवान गणेश की मूर्ति के सामने हाथ जोड़कर सिर झुकाया। इसके बाद उसने पेचकस और हथौड़े की मदद से केबिन की दराजों और लॉकर के ताले तोड़ने शुरू कर दिए।

आरोपियों ने कार्यालय से मोबाइल फोन, जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। इसके अलावा पूजा स्थल पर रखी तांबे की मूर्तियां भी चोरी होने की बात सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की गतिविधियां और कार्यालय के भीतर बिताया गया समय दिखाई दे रहा है।

कार्यालय मालिक के अनुसार, इससे पहले भी इसी दफ्तर में चोरी की घटना हो चुकी है। उस समय पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन मालिक का कहना है कि कई महीने बीतने के बावजूद पिछली घटना में चोरी हुए सामान की बरामदगी नहीं हुई और आरोपियों का पता नहीं चल पाया।

ताजा घटना के सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और चोरी हुए सामान का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है।

Back To Top