दहेज में पांच लाख रुपये और कार की मांग का आरोप, पति समेत नौ लोगों पर मुकदमा दर्ज

सोनभद्र। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के भड़कना गांव में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि ससुराल वाले पांच लाख रुपये नकद और चार पहिया वाहन की मांग कर रहे थे।

चंदौली जिले के चकरघट्टा थाना क्षेत्र के हरदहवा गांव निवासी नंदनी पासवान की शादी 23 अप्रैल 2024 को भड़कना गांव के श्यामनारायण के साथ हुई थी। नंदनी का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति श्यामनारायण, ससुर कैलाश, सास फूलवंती देवी, जेठ रमेश पासवान, शिवप्रसाद और जयराम के साथ जेठानियां कौशल्या देवी, रमिता उर्फ प्रीतम और उषा देवी दहेज में पांच लाख रुपये और चार पहिया वाहन की मांग करने लगे।

पीड़िता के मुताबिक, मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। उसने आरोप लगाया कि इस प्रताड़ना के चलते उसके गर्भ में पल रहे चार माह के बच्चे को भी नुकसान पहुंचा। नंदनी ने पहले महिला थाना और पन्नूगंज थाने में भी शिकायत की थी।

शिकायत के अनुसार, 20 सितंबर को महिला थाने में पंचायत के बाद उसकी विदाई कराई गई, लेकिन ससुराल पहुंचने पर उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया गया। इसके बाद 25 सितंबर को तबीयत खराब होने पर पति उसे अस्पताल ले गए और वहां छोड़कर चले गए। पिता के पहुंचने पर वह मायके चली गई।

उपचार के बाद पिता उसे दोबारा ससुराल छोड़कर आए, लेकिन तीन-चार दिन बाद उसे फिर मायके पहुंचा दिया गया। आरोप है कि पिता के दोबारा ससुराल छोड़ने पर परिजनों ने उसकी हत्या कर शव ठिकाने लगाने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति सहित नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

Back To Top