संजय हत्याकांड में पुलिस को मिली सफलता, चारपाई की लकड़ी से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार

मीरजापुर। ताश खेलने के दौरान हुए विवाद के बाद बीच-बचाव करने पहुंचे संजय की मौत के मामले में लालगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को पतुलखी ओवरब्रिज के पास से पकड़ा। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई चारपाई की लकड़ी की पाटी भी बरामद की गई है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, बामी नौडिहवां गांव निवासी बुधिराम ने 13 अक्टूबर को इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि कुछ लोग एक स्थान पर बैठकर ताश खेल रहे थे। इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। झगड़ा बढ़ता देख संजय ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि रोहित और उसके साथियों ने उन पर चारपाई की पाटी और डंडों से हमला कर दिया।

हमले में संजय के सिर पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज के मंडलीय चिकित्सालय पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

सीओ लालगंज अमर बहादुर ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने आरोपी रोहित के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। पूछताछ के दौरान रोहित ने बताया कि 12 अक्टूबर को फतहवां गांव में उसका दो अन्य लोगों के साथ विवाद हुआ था। उस समय उसके दूर के रिश्तेदार संजय ने भी उसे डांटा था। इसी बात को लेकर वह संजय से नाराज था।

मामले की जांच के दौरान उपनिरीक्षक गुरुप्रसाद सिंह को सूचना मिली कि वांछित आरोपी पतुलखी ओवरब्रिज के आसपास मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और लहंगपुर गांव निवासी रोहित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल चारपाई की लकड़ी की पाटी बरामद की। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

Back To Top