मथुरा में बोरे के अंदर मिला युवक का शव, सिर पर चोट के निशान से हत्या की आशंका

मथुरा। मंडी चौकी के नजदीक मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे पड़े एक संदिग्ध बोरे के अंदर युवक का शव मिला। स्थानीय लोगों ने बोरे को संदिग्ध हालत में पड़ा देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरा खोलकर देखा तो उसमें एक युवक का शव बरामद हुआ।

शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने की कोशिश की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। हालांकि, काफी प्रयास के बावजूद उसकी पहचान नहीं हो सकी।

पुलिस के अनुसार, युवक के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। ऐसे में उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के थाना क्षेत्रों में भी मृतक के हुलिए और शव मिलने की सूचना भेजी गई है, ताकि उसकी पहचान हो सके।

हाईवे थाना प्रभारी बैजनाथ सिंह ने बताया कि युवक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालने की तैयारी कर रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है।

Back To Top