उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम को ग्रामीणों के विरोध और हिंसा का सामना करना पड़ा। ग्राम सालनाखेड़ी में कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने कर्मचारियों को घेरकर मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, छतों से भी टीम पर पत्थर फेंके गए। इस हमले में महिला उपनिरीक्षक रानी सिंह सहित आबकारी विभाग के छह कर्मचारी घायल हो गए। इनमें तीन कर्मचारियों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। हमलावरों ने टीम से जब्त शराब के साथ नकदी, पर्स और सरकारी पहचान पत्र भी छीन लिए। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को आबकारी वृत्त तराना की उपनिरीक्षक रानी सिंह वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रही थीं। इसी दौरान ग्राम सालनाखेड़ी में जगदीश चौहान के घर के बाहर हाथ भट्टी से बनी कच्ची शराब रखे होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर टीम मौके पर पहुंची, जहां जगदीश चौहान एक झोला लेकर खड़ा मिला। जब झोले की तलाशी ली गई तो उसमें से कच्ची शराब के पाउच बरामद हुए।
आबकारी कर्मचारी जब शराब जब्त करने की कार्रवाई कर रहे थे, तभी जगदीश ने अपने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को आवाज देकर बुला लिया। कुछ ही देर में वहां कई लोग जमा हो गए और उन्होंने आबकारी टीम को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। हमलावरों ने मकानों की छतों से भी पत्थर फेंके, जिससे टीम के छह सदस्य घायल हो गए।
हमले के दौरान आरोपियों ने आबकारी विभाग के वाहनों को भी निशाना बनाया और उनमें तोड़फोड़ की। इसके अलावा कर्मचारियों से जब्त की जा रही शराब, नकदी, पर्स और शासकीय पहचान पत्र छीन लिए गए। आरोपियों ने आबकारी टीम को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद घायल कर्मचारियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
महिला उपनिरीक्षक रानी सिंह की शिकायत पर माकड़ोन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सालनाखेड़ी निवासी 43 वर्षीय जगदीश चौहान, पुत्र रतनलाल और उसके 19 वर्षीय बेटे कुलदीप चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया है और रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
सालनाखेड़ी का इलाका पहले भी सरकारी कार्रवाई के दौरान हिंसा को लेकर चर्चा में रहा है। माकड़ोन थाना क्षेत्र के सतमेला इलाके में सात गांव शामिल हैं, जिनमें रहवारी, बुखारी, हरूखेड़ी, रत्नाखेड़ी, मनासा, सालनाखेड़ी और बगवाड़ा आते हैं। इस क्षेत्र को चुनावी दृष्टि से भी संवेदनशील माना जाता है।
इससे पहले 20 अगस्त 2019 को सालनाखेड़ी में बैतूल पुलिस की टीम पर भी हमला हुआ था। उस समय एक आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों ने घेर लिया था। हमले में पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया था और बैतूल के एसआई सहित कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए थे। हालात बिगड़ने पर पुलिस को आरोपी को मौके पर छोड़कर वापस लौटना पड़ा था।


