रेणुकूट (सोनभद्र)। रोडवेज बसों में जहरखुरानी करने वाले गिरोह की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। वाराणसी जा रही रोडवेज बस में सवार दो युवकों ने मुर्धवा निवासी जयकुमार पांडेय को अपने झांसे में लेकर चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। चाय पीते ही वह बेहोश हो गए। इसका फायदा उठाकर आरोपी उनके पास मौजूद करीब 5,500 रुपये लेकर उन्हें डाला स्थित एक मंदिर में छोड़कर फरार हो गए। लगभग 12 घंटे बाद होश आने पर जयकुमार ने परिवार को फोन कर घटना की जानकारी दी। गुरुवार शाम घर पहुंचने के बाद उन्होंने पिपरी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब नौ बजे जयकुमार पांडेय मुर्धवा जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे। ऑटो नहीं मिलने पर वह वाराणसी की ओर जा रही रोडवेज बस में बैठ गए। बस में पहले से मौजूद दो युवकों ने बातचीत शुरू कर उनसे नजदीकी बना ली। कुछ देर बाद दोनों युवक उनके लिए चाय लेकर आए। जयकुमार ने जैसे ही चाय पी, वह कुछ समय बाद अचेत हो गए। इसके बाद उनके साथ क्या हुआ, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं रही।
आरोप है कि दोनों युवक उनके पास रखे करीब 5,500 रुपये निकालकर उन्हें डाला के एक मंदिर में छोड़कर चले गए। रातभर जयकुमार के घर नहीं लौटने पर उनकी पत्नी और बेटी परेशान हो गईं। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद गुरुवार सुबह परिवार के सदस्य पिपरी थाने पहुंचे और उनकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी।
मोबाइल चालू होते ही परिवार को किया फोन
जयकुमार का मोबाइल फोन बंद होने के कारण परिजनों की चिंता लगातार बढ़ रही थी। गुरुवार दोपहर करीब दो बजे उनका मोबाइल फोन चालू हुआ तो उन्होंने घरवालों से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वह डाला में हैं। इसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। गुरुवार शाम घर पहुंचने पर जयकुमार ने पूरी घटना बताई और पिपरी थाने जाकर पुलिस को शिकायत दी।


