रुद्रपुर। आरटीओ कार्यालय के नाम पर वाहन स्वामियों से सरकारी शुल्क से अधिक धनराशि वसूलकर धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को उत्तराखंड एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। एसटीएफ कुमाऊं यूनिट और थाना पंतनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 75 वाहन रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी), 7 ड्राइविंग लाइसेंस, 19 फॉर्म-30 सहित बड़ी संख्या में वाहन संबंधी दस्तावेज बरामद किए हैं।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि रुद्रपुर स्थित आरटीओ कार्यालय के समीप जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के पास कुछ लोग दो अलग-अलग निजी वाहनों में बैठकर आरटीओ से संबंधित कार्य कराने के नाम पर वाहन स्वामियों से अवैध वसूली कर रहे हैं। सूचना पर एसटीएफ ने थाना पंतनगर पुलिस के साथ संयुक्त टीम बनाकर मौके पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान एक वाहन से प्रवीण बाछाड़ निवासी चन्दीपुर विजयपुर, थाना दिनेशपुर और दूसरे वाहन से पंकज कांति सेन निवासी ट्रांजिट कैंप, ऊधमसिंहनगर को गिरफ्तार किया गया।
सरकारी शुल्क की जानकारी छिपाकर करते थे वसूली।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी आरटीओ कार्यालय से संबंधित कार्य कराने के नाम पर वाहन स्वामियों से संपर्क करते थे। सरकारी शुल्क की वास्तविक जानकारी छिपाकर निर्धारित शुल्क से अधिक रकम वसूलते थे। आरोपी अपनी निजी गाड़ियों में लैपटॉप और प्रिंटर रखकर दस्तावेज तैयार कराने का काम संचालित कर रहे थे।
जांच में कुछ डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस निजी लैब से तैयार करवाकर वाहन स्वामियों को उपलब्ध कराने की बात भी सामने आई है। एसटीएफ इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
75 आरसी, 7 डीएल समेत भारी मात्रा में दस्तावेज बरामद
एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से 75 आरसी, 7 ड्राइविंग लाइसेंस, 19 फॉर्म-30, आरसी के साथ संलग्न आधार कार्ड और पैन कार्ड, एक लैपटॉप, एक प्रिंटर, माउस, लैपटॉप एडॉप्टर, इंटरनेट डिवाइस और घटना में प्रयुक्त दो वाहन बरामद किए हैं।
एसटीएफ अब बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का विश्लेषण कर रही है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों और अब तक की गई अवैध वसूली की जानकारी जुटाई जा रही है।
एसटीएफ की आमजन से अपील
एसटीएफ ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि आरटीओ अथवा किसी भी सरकारी कार्यालय से संबंधित कार्य केवल अधिकृत माध्यमों से ही कराएं। सरकारी शुल्क से अतिरिक्त धनराशि किसी अनधिकृत व्यक्ति को न दें और अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज अनजान लोगों को उपलब्ध कराने से बचें।


