गुरुग्राम। शहर में 50 वर्षीय ऑटो चालक की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक का शव शनिवार को सेक्टर-29 स्थित अप्पू घर के पास झाड़ियों में पड़ा मिला। जांच के दौरान उसके गले पर रस्सी से गला घोंटने के निशान पाए गए। पहचान होने के बाद परिजनों ने मृतक के दो दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान हरिनगर निवासी अरविंद के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित बिरला नगर के रहने वाले थे और पिछले करीब 25 से 30 वर्षों से अपने परिवार के साथ गुरुग्राम में रह रहे थे।
परिजनों के मुताबिक, अरविंद गुरुवार दोपहर खाना खाने के बाद ऑटो चलाने के लिए घर से निकले थे। देर तक वापस नहीं आने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
इसी बीच शनिवार को सेक्टर-29 में अप्पू घर के पास झाड़ियों से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद किया। जांच के लिए एफएसएल और सीन ऑफ क्राइम की टीमों को भी बुलाया गया।
पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक के गले पर रस्सी से गला घोंटने के निशान मिले। बाद में शव की पहचान अरविंद के रूप में हुई। इसके बाद परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई और मृतक के दो दोस्तों को हिरासत में लिया।
दोनों आरोपी हरिनगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस उनसे घटना से जुड़ी परिस्थितियों और हत्या के कारणों को लेकर पूछताछ कर रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि गुरुवार रात अरविंद और दोनों आरोपी हरिनगर में एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर दोनों ने रस्सी से अरविंद का गला घोंट दिया।
पुलिस को मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, वारदात के बाद शव को ऑटो में रखकर सेक्टर-29 ले जाया गया और अप्पू घर के पास झाड़ियों में फेंक दिया गया।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले में हत्या की परिस्थितियों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।


