व्हाट्सएप पर आया शादी का कार्ड बना साइबर ठगी का हथियार, सूरत के व्यक्ति के खाते से 10.02 लाख पार

अहमदाबाद। साइबर ठग अब लोगों को निशाना बनाने के लिए शादी के निमंत्रण का सहारा ले रहे हैं। गुजरात के सूरत में एक व्यक्ति को व्हाट्सएप पर शादी का कार्ड डाउनलोड करना भारी पड़ गया। दरअसल, शादी के निमंत्रण के नाम पर भेजी गई APK फाइल में खतरनाक सॉफ्टवेयर छिपा था। फाइल डाउनलोड करते ही पीड़ित का मोबाइल साइबर अपराधियों के नियंत्रण में आ गया और उसके बैंक खाते से 10.02 लाख रुपये निकाल लिए गए। मामले की शिकायत मिलने के बाद सूरत साइबर क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की और उत्तर प्रदेश के बिजनौर से 28 वर्षीय देवेंद्र मलिक को गिरफ्तार कर लिया।

सूरत पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच के मुताबिक, पीड़ित के व्हाट्सएप पर ‘wedding invitation.APK’ नाम से एक फाइल भेजी गई थी। इसे शादी का निमंत्रण बताकर डाउनलोड करने के लिए कहा गया था। व्यक्ति ने इसे सामान्य शादी का कार्ड समझकर डाउनलोड कर लिया। इसके बाद उसका मोबाइल फोन हैक हो गया और ठगों को उसकी जानकारी के बिना बैंक खाते से पैसे ट्रांसफर करने का मौका मिल गया।

जांच में सामने आया कि साइबर अपराधियों ने पीड़ित के खाते से 10.02 लाख रुपये दूसरे बैंक खातों में स्थानांतरित किए। इसके बाद रकम को अलग-अलग माध्यमों से इधर-उधर भेजा गया और आखिर में चेक के जरिए नकदी निकाल ली गई।

पुलिस जांच में देवेंद्र मलिक की भूमिका सामने आई। आरोप है कि उसने साइबर ठगों को अपने बैंक खाते का इस्तेमाल करने दिया था। ठगी से हासिल रकम उसके खाते में आने के बाद वह नकदी निकालता था और कुल रकम का करीब 20 प्रतिशत कमीशन अपने पास रख लेता था। बची हुई रकम वह गिरोह के अन्य सदस्यों को सौंप देता था।

बैंक खातों के लेन-देन और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस बिजनौर तक पहुंची। इसके बाद धर्म नगरी कॉलोनी निवासी देवेंद्र मलिक को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धाराओं 318(4), 336(2), 336(3), 338, 340(2), 61(2) और 3(5) के साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2008 की धारा 66(D) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने लोगों को व्हाट्सएप और अन्य मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर आने वाली अनजान APK फाइलों से सावधान रहने की सलाह दी है। शादी के निमंत्रण, RTO चालान, बैंकिंग सेवाओं, कस्टमर सपोर्ट, KYC अपडेट, सरकारी योजनाओं, अपॉइंटमेंट बुकिंग और ग्रोसरी एप्लिकेशन के नाम पर भेजी जाने वाली संदिग्ध फाइलों को डाउनलोड नहीं करने की अपील की गई है। साथ ही SMS और ईमेल के जरिए आने वाले अनजान लिंक पर क्लिक करने से भी बचने को कहा गया है।

Back To Top