चरखी दादरी में 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला शव

चरखी दादरी। हरियाणा के चरखी दादरी जिले के गांव बलकरा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वीरवार देर शाम युवक ने अपने घर के एक कमरे में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिसकर्मियों को खिड़की तोड़कर अंदर जाना पड़ा। युवक को नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान गांव बलकरा निवासी करीब 26 वर्षीय मोहित के रूप में हुई है।

घटना के बाद सीन ऑफ क्राइम और चिड़िया चौकी की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया। शुक्रवार को जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मोहित शादीशुदा था और उसके दो बेटे थे, जिनकी उम्र तीन और पांच साल है। वह गाजियाबाद में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और पत्नी व बच्चों के साथ वहीं रहता था। करीब एक महीने पहले वह अपने गांव बलकरा आया हुआ था।

वीरवार शाम वह घर के एक कमरे में चला गया और अंदर से कुंडी लगा ली। कुछ देर बाद परिजनों ने खिड़की से देखा तो वह फंदे पर लटका हुआ था। इसके बाद परिवार ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर खिड़की तोड़ी और उसे नीचे उतारा, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

जांच अधिकारी एचसी राजवीर के मुताबिक, मृतक के पिता तेजराम के बयान दर्ज किए गए हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मोहित शराब पीने का आदी था और शराब के नशे में ही उसने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।

Back To Top