रेलवे स्टेशन निर्माण के नाम पर 13.20 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप, आगरा में मुकदमा दर्ज

आगरा। रेलवे स्टेशन की नई बिल्डिंग के निर्माण कार्य में बड़े मुनाफे का भरोसा देकर दो ठेकेदारों के साथ 13.20 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मामला उत्तर मध्य रेलवे के अलीगढ़ जंक्शन पर स्टेशन भवन के निर्माण से जुड़ा है। पीड़ित ठेकेदारों की शिकायत पर रकाबगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खंदारी निवासी महेंद्र प्रताप सिंह उर्फ संतोष सिकरवार और ट्रांस यमुना कॉलोनी निवासी अभिसार गुप्ता ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की थी। दोनों ने बताया कि वे भवन निर्माण के ठेके लेते हैं। शिकायत के मुताबिक, पश्चिमपुरी निवासी मन्ना सिंह भदौरिया अपनी कंपनी कविता कंस्ट्रक्शन एमएस इंटरप्राइजेज के माध्यम से बड़े निर्माण कार्य करता था।

ठेकेदारों का आरोप है कि नवंबर 2018 में मन्ना सिंह ने उन्हें सिकंदरा स्थित अपने कार्यालय में बुलाया। वहां उसने बताया कि उसे अलीगढ़ जंक्शन की स्टेशन बिल्डिंग के निर्माण का करीब 11 करोड़ रुपये का टेंडर मिला है। काम अधिक होने का हवाला देते हुए उसने यह प्रोजेक्ट दोनों ठेकेदारों को सौंपने का प्रस्ताव रखा।

शिकायत के अनुसार, आपसी सहमति से तय हुआ कि निर्माण कार्य की पूरी लागत महेंद्र प्रताप सिंह और अभिसार गुप्ता वहन करेंगे। वहीं, मन्ना सिंह कुल निविदा राशि का सात प्रतिशत अपने पास रखेगा और शेष 93 प्रतिशत राशि दोनों ठेकेदारों को मिलनी थी। दोनों ठेकेदारों का दावा है कि उन्होंने अपनी पूंजी लगाकर वर्ष 2023 में निर्माण कार्य निर्धारित समय के भीतर पूरा कर दिया।

आरोप है कि रेलवे से इस प्रोजेक्ट के लिए मन्ना सिंह को अगस्त 2024 तक 13.20 करोड़ रुपये का भुगतान मिल चुका था। इसके बावजूद जब दोनों ठेकेदारों ने अपने हिस्से की रकम मांगी, तो उन्हें लगातार टालमटोल का सामना करना पड़ा।

ठेकेदारों के मुताबिक, संदेह होने पर उन्होंने बैंक से जानकारी ली। इस दौरान पता चला कि मन्ना सिंह ने पूरी रकम अपने खाते में हस्तांतरित करने के बाद 19 अगस्त 2024 को बैंक खाता बंद कर दिया था। आरोप है कि बकाया भुगतान की मांग करने पर मन्ना सिंह भदौरिया ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।

एसीपी सदर अमीषा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।

Back To Top